रामानुजगंज में गुरुवार सुबह 9 बजे हुए एक सड़क हादसे में पांच लोग घायल हो गए। पलटन घाट के तीखे मोड़ पर दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल 100 बिस्तर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, पत्रकार नवीन तिवारी (49) अपनी पत्नी मधु तिवारी (44) के साथ बनारस से इलाज कराकर लौट रहे थे। वहीं, दूसरी कार में नंद गोपाल तिवारी की बहू सेजल तिवारी (27), उनकी बहन दीक्षा (32), एक 4 वर्षीय बालक और प्रयागराज निवासी प्रवीण पांडे, शिव शक्ति पांडे सवार थे। यह कार प्रयागराज की ओर जा रही थी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पलटन घाट का यह तीखा मोड़ लंबे समय से दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है। इससे पहले भी यहां कई हादसे हो चुके हैं।
एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव और रामानुजगंज नगर पालिका परिषद के नेता प्रतिपक्ष प्रतीक सिंह ने लोक निर्माण विभाग से तत्काल संज्ञान लेते हुए मार्ग को सुरक्षित और सीधा करने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।