दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर रेल मंडल के वाणिज्य विभाग ने मांढ़र स्टेशन पर एंबुश टिकट चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 31 अधिकारियों और कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने 5 लोकल पैसेंजर और मेमू ट्रेनों में सघन जांच की। जांच के दौरान बिना टिकट, अनियमित टिकट, धूम्रपान और अन्य उल्लंघनों के कुल 200 मामले पकड़े गए, जिनसे ₹62,430 का राजस्व रेलवे को प्राप्त हुआ।
दरअसल, SECR का वाणिज्य विभाग यात्रियों में टिकट लेकर यात्रा करने की जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार टिकट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी के निर्देशन में मांढ़र स्टेशन पर एंबुश टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया।
जांच टीम ने रायपुर–बिलासपुर मेमू (68728), गोंदिया–झारसुगुड़ा पैसेंजर (68861), गेवरा रोड–रायपुर पैसेंजर (68745), बिलासपुर–रायपुर पैसेंजर (58201) और गेवरा रोड–रायपुर पैसेंजर (58203) इन पांच लोकल पैसेंजर और मेमू ट्रेनों में जांच की है।
इनमें बिना टिकट यात्रा कर रहे 188 मामलों में ₹56,415, अनियमित टिकट के 9 मामलों ₹5,515, धूम्रपान के 2 मामलों में – ₹400 और सी केस के 1 मामले ₹100 कुल ₹62,430 जुर्माना वसूला गया।
इस एंबुश टिकट चेकिंग अभियान में सहायक वाणिज्य प्रबंधक अविनाश कुमार आनंद सहित 3 मुख्य वाणिज्य निरीक्षक, 2 वाणिज्य निरीक्षक, 18 टिकट चेकिंग स्टाफ, 8 आरपीएफ कर्मी मौजूद रहे। स्टेशन परिसर और लोकल ट्रेनों में सघन जांच की गई।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के लिए उचित टिकट और स्टेशन में प्रवेश से पहले प्लेटफॉर्म टिकट अवश्य खरीदें। साथ ही रेलगाड़ियों और रेल परिसर को साफ-सुथरा रखने में प्रशासन का सहयोग करें।