रायपुर जिले के पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में रहने वाले रहवासियों को स्वास्थ्य और सड़क सुविधा आने वाले दिनों में बेहतर होगी। विधायक राजेश मूणत ने स्थानीय रहवासियों के लिए 3 करोड़ 16 लाख रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी है।
पश्चिम विधानसभा के रहवासियों के लिए आने वाले दिनों में 100 बिस्तर का अस्पताल बनेगा। रहवासियों की सड़ाकें की समस्या का समाधान होगा और स्कूलों का नवीनीकरण होगा। ऐसे में सड़कों से लेकर स्वास्थ्य तक तस्वीर बदलेगी।खमतराई, ठक्कर बापा, नेताजी कन्हैयालाल बाजारी और तिलक नगर वार्ड में 2.34 करोड़ रुपए की लागत से डामरीकरण और कंक्रीटीकरण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। विधायक मूणत ने कहा कि सड़कों के बेहतर होने से धूल, कीचड़ और जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी, जिससे नागरिकों के स्वास्थ्य और आवागमन दोनों में सुधार होगा।
स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर बड़ी घोषणा
कार्यक्रम की सबसे बड़ी घोषणा संत रविदास वार्ड में 100 बिस्तर के सरकारी अस्पताल के निर्माण को लेकर रही। विधायक मूणत ने बताया कि अस्पताल के लिए जमीन चिन्हित कर ली गई है और कागजी प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
जल्द ही भूमिपूजन कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इसके अलावा नेताजी कन्हैयालाल बाजारी वार्ड में 38.45 लाख रुपए की लागत से बने 3 ओपीडी कक्ष और दवा केंद्र का लोकार्पण भी किया गया, जिससे स्थानीय लोगों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
महिला-बाल विकास और शिक्षा पर फोकस
क्षेत्र में ‘महतारी सदन’ यानी आधुनिक आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण किया जा रहा है। एक अन्य आंगनबाड़ी केंद्र बनकर तैयार है, जिसका लोकार्पण जल्द होगा। वहीं वीर शिवाजी वार्ड स्कूल में 25 लाख रुपए की लागत से बने अतिरिक्त कक्षों से विद्यार्थियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई
कार्यक्रम के दौरान नाली और सफाई से जुड़ी शिकायतों पर विधायक मूणत ने मंच से ही जोन आयुक्त को 48 घंटे में सर्वे कर प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में जनता ने फूल-मालाओं और आतिशबाजी के साथ विकास कार्यों का स्वागत किया।