
पाँच दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान में कलश यात्रा, रथ यात्रा, झांकी, भजन संध्या एवं प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम होंगे आकर्षण का केंद्र
रायपुर। राजधानी रायपुर के ब्रह्मपुरी क्षेत्र में स्थित दत्तात्रेय मंदिर के पीछे श्री शिवपरिवार की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर भव्य धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। यह पाँच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ श्रद्धा, आस्था और भक्ति के वातावरण में संपन्न होगा। इस आयोजन का शुभारंभ दिनांक 08 फरवरी 2026 से किया जाएगा।
इस पावन आयोजन का आयोजनकर्ता श्रीमती शारदा ध्रुवंशी, श्री मनीष ध्रुवंशी एवं पौत्र विशाल ध्रुवंशी परिवार है। धार्मिक विधि-विधान से संपन्न होने वाले इस महायज्ञ का संचालन प्राण प्रतिष्ठाचार्य श्री प्रकाश मिश्र जी (श्रीधाम चित्रकूट वाले) के पावन सान्निध्य में किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री केदारनाथ जी गुप्ता, अध्यक्ष – छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित तथा श्री अमित साहू जी, प्रदेश महामंत्री उपस्थित रहेंगे। इनके साथ अनेक गणमान्य नागरिक, धर्मप्रेमीजन एवं क्षेत्रवासी कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे।
पाँच दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा
महायज्ञ का आयोजन पाँच दिनों तक विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ किया जाएगा—
प्रथम दिवस (08.02.2026, रविवार): प्रातः 9:00 बजे से नगर में भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं एवं श्रद्धालु भाग लेंगे। कलश यात्रा के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ होगा।
द्वितीय दिवस:आवाहित देवताओं का पूजन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष अनुष्ठान संपन्न होंगे।
तृतीय दिवस: आकर्षक झांकी प्रदर्शन का आयोजन किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
चतुर्थ दिवस: विधि-विधान से श्री शिवपरिवार की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न की जाएगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भक्तों की उपस्थिति अपेक्षित है।
पंचम दिवस: धार्मिक अनुष्ठानों के समापन के साथ विसर्जन कार्यक्रम संपन्न किया जाएगा।
रथ यात्रा एवं भजन संध्या
आयोजन के अंतर्गत मंगलवार संध्या 5:00 बजे पूरे नगर में भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी। साथ ही मंगलवार को विशेष झांकी प्रदर्शन भी किया जाएगा। इसके अतिरिक्त प्रतिदिन भजन संध्या एवं आरती का आयोजन होगा, जिससे संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा।
आयोजक परिवार ने समस्त नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं से इस धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का माहौल बना हुआ है।