अंबिकापुर के अंबेडकर चौक में संचालित ऑटो, फर्नीचर और डेकोरेशन की दुकानों में मंगलवार सुबह करीब 4 बजे भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने 8 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने की सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। तब तक आग काफी भयावह रूप ले चुकी थी। फायर ब्रिगेड ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आगजनी से करीब सवा करोड़ रुपए से अधिक नुकसान होने का अनुमान है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, अंबेडकर चौक में संचालित एक फर्नीचर दुकान में सुबह करीब 4 बजे आग लगी। करीब 4:30 बजे वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने दुकान के बोर्ड पर लिखे नंबर पर संचालक राकेश अग्रवाल को फोन कर इसकी सूचना दी।
राकेश अग्रवाल ने तुरंत फायर ब्रिगेड, कंट्रोल रूम और डायल 112 को आग की सूचना दी। सूचना पर गांधीनगर, कोतवाली, मणिपुर थाना पुलिस और ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। 8 दुकानें जलकर राख
दरअसल, फर्नीचर दुकान में रखे प्लास्टिक और फोम के सामानों के कारण आग तेजी से फैल गई। कुछ ही देर में आग सक्षम ई-रिक्शा, मारुति इलेक्ट्रॉनिक्स समेत अन्य दुकानों तक पहुंच गई। आग की लपटें करीब 30 फीट तक ऊंची उठने लगी।
संचालक राहुल अग्रवाल ने बताया कि सूचना के करीब 45 मिनट बाद भी फायर ब्रिगेड नहीं पहुंची तो उन्होंने एएसपी अमोलक सिंह के निजी नंबर पर कॉल किया। इसके बाद प्रशासन और पुलिस की टीम सक्रिय हुई। नाश्ते की दुकान में सिलेंडर ब्लास्ट
करीब 45 मिनट बाद फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। दूसरी गाड़ी भी कुछ देर में पहुंची, लेकिन उसका सिस्टम काम नहीं कर रहा था। आग फैलते हुए पास में संचालित नाश्ते की दुकान तक पहुंच गई। वहां रखे छोटे सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया, जिससे नाश्ते की दुकान भी पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
बताया गया कि राकेश अग्रवाल की दुकानों के पीछे फैक्ट्री भी संचालित थी, जहां आलमारी, फर्नीचर निर्माण और पेंट का काम होता था। आग ने फैक्ट्री को भी अपनी चपेट में ले लिया। अंबिकापुर फायर ब्रिगेड के साथ दरिमा एयरपोर्ट की फायर ब्रिगेड टीम को भी बुलाया गया। एयरपोर्ट टीम की मदद से आग पर काबू पाया गया।
राकेश अग्रवाल ने बताया कि आगजनी से करीब सवा से डेढ़ करोड़ रुपए तक नुकसान हुआ है। आशंका है कि फर्नीचर दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी।