कोंडागांव जिले के कोकोड़ी गांव स्थित मां दंतेश्वरी मक्का प्लांट पर 700-800 ग्रामीणों ने हमला कर दिया

Chhattisgarh Crimesकोंडागांव जिले के कोकोड़ी गांव स्थित मां दंतेश्वरी मक्का प्लांट पर 700-800 ग्रामीणों ने हमला कर दिया। लाठी-डंडे और पत्थर लेकर ऑफिस में घुसकर लोगों ने तोड़फोड़ की है। कैंपस में खड़ी कार, ट्रैक्टर सहित कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया है। ग्रामीणों के मुताबिक प्लांट से निकलने वाला वेस्ट खेतों तक पहुंच रहा है, जिससे फसलें खराब हो रही है। कई बार शिकायत के बाद भी एक्शन नहीं लेने पर लोगों का गुस्सा भड़का है।

 

इस हमले में 10 से 20 लाख रुपए तक के नुकसान का अनुमान है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद है। गुरुवार रात हमले के बाद आज सुबह ग्रामीणों ने फिर प्लांट में घुसने की कोशिश की तो उन्हें खदेड़ा गया है।

 

कांकेर से भी अतिरिक्त फोर्स बुलाई गई है। प्लांट के बाहर भारी पुलिस बल तैनात है। गांव में अभी स्थिति तनावपूर्ण है। ग्रामीण अब दूर से फोर्स पर गुलेल से हमला कर रहे हैं।

 

वहीं, प्लांट पहुंचे महाराष्ट्र के एक ड्राइवर ने कहा कि हमले के दौरान उसने जंगल में छिपकर जान बचाई। हालांकि, इस पूरे मामले में प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जानिए क्या है पूरा मामला ?

 

दरअसल, मां दंतेश्वरी मक्का प्रसंस्करण प्लांट कोकोड़ी गांव में स्थित है। ग्रामीणों का आरोप है कि मक्का प्लांट से निकलने वाला तरल अपशिष्ट (वेस्ट) उनके खेतों तक पहुंच रहा है, जिससे फसलें खराब हो रही हैं।

 

किसानों का कहना है कि वे लंबे समय से प्रशासन को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग कर रहे थे, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसी नाराजगी के चलते ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से प्लांट का घेराव कर दिया।

 

रातभर प्लांट को घेरकर रखा

 

रातभर गांव के लोगों ने प्लांट को चारों ओर से घेर रखा था। ग्रामीणों ने बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। इस दौरान एक वाहन चालक को अपनी जान बचाने के लिए रातभर जंगल में छिपकर रहना पड़ा।

 

स्थिति इतनी बिगड़ गई कि कुछ समय के लिए पुलिस बल को भी पीछे हटना पड़ा।