मनेन्द्रगढ़ (एमसीबी) जिले के परसगढ़ी क्षेत्र में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के काम को ग्रामीणों ने रोक दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य से उनके घरों को खतरा है और उन्हें बेघर होने का डर सता रहा है। इसी विरोध के चलते उन्होंने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य बंद करवा दिया और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण एजेंसी उनके घरों के सामने बाउंड्री बना रही है। इससे न केवल रास्ते प्रभावित हो रहे हैं, बल्कि कुछ परिवारों को आशंका है कि भविष्य में उनके मकानों को हटाया या तोड़ा जा सकता है। इसी कारण ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए निर्माण कार्य बंद करा दिया।
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि उन्हें मेडिकल कॉलेज जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट से कोई आपत्ति नहीं है। हालांकि, उनका कहना है कि निर्माण कार्य इस तरह किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों के घरों और जमीन पर असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि बाउंड्री निर्माण और सीमांकन को लेकर स्थिति स्पष्ट की जाए, ताकि किसी भी परिवार को नुकसान न हो।
विवाद बढ़ने की सूचना मिलने पर एसडीएम लिंगराज सिदार, तहसीलदार श्रुति ध्रुवे और थाना प्रभारी दीपेश सैनी सहित सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश दी
अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। प्रशासन ने ग्रामीणों को समझाया और आश्वासन दिया कि सभी कार्य नियमों के अनुसार ही किए जाएंगे।
स्थिति को देखते हुए मौके पर सिटी कोतवाली पुलिस बल भी तैनात किया गया था, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। ग्रामीणों की अधिक संख्या के कारण कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण रहा, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। एसडीएम के नेतृत्व में प्रशासन ने ग्रामीणों की आपत्तियों को सुना है और मामले की जांच तथा सीमांकन की बात कही है।