छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में तीन वर्ष की मासूम बच्ची की कब्र से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। कब्र के पास दिया, चावल, कटे हुए नींबू और कच्चे मांस का टुकड़ा मिलने से ग्रामीणों ने तांत्रिक क्रिया की आशंका जताई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और कब्र की खुदाई की जा रही है।
पूरा मामला गुंडरदेही थाना क्षेत्र के हल्दी चौकी अंतर्गत ग्राम माहुद-बी का है। जानकारी के अनुसार करीब तीन माह पूर्व गांव के जितेंद्र साहू की तीन वर्षीया बेटी पिया साहू उर्फ लाडो की तबीयत खराब होने के कारण मौत हो गई थी। परिजनों ने बच्ची के शव को गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर मुक्तिधाम में दफन किया था।
रविवार को खेत की ओर जा रहे एक किसान की नजर कब्र के पास पड़े तंत्र विद्या से जुड़े सामान पर पड़ी। उसने इसकी सूचना परिजनों और ग्रामीणों को दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। कब्र के साथ छेड़छाड़ की आशंका जताते हुए ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियातन बल तैनात किया गया। शव से किसी प्रकार की छेड़छाड़ हुई है या नहीं, इसकी पुष्टि के लिए कब्र की खुदाई कर जांच की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।