रायपुर में पहली बार जिला सैनिक कल्याण अधिकारियों का कॉन्क्लेव

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों से जुड़े मुद्दों पर मंथन के लिए छत्तीसगढ़ राज्य सैनिक बोर्ड की ओर से 19 और 20 फरवरी 2026 को रायपुर स्थित आरएसबी कॉम्प्लेक्स में जिला सैनिक कल्याण अधिकारियों का दो दिवसीय कॉन्क्लेव आयोजित किया गया है।

कॉन्क्लेव के पहले दिन, 19 फरवरी को हुए सत्र की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ राज्य सैनिक बोर्ड के निदेशक ब्रिगेडियर विवेक शर्मा (सेवानिवृत्त) ने की। इस दौरान प्रदेश के सभी दस जिला सैनिक कल्याण अधिकारी रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव, रायगढ़, जशपुर, अंबिकापुर, बैकुंठपुर, जगदलपुर और कांकेर सम्मेलन में शामिल हुए।

गतिविधियों की समीक्षा और आपसी समन्वय पर जोर

सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक जिले में चल रही सैनिक कल्याण गतिविधियों, स्थानीय स्तर पर सामने आ रही समस्याओं और उनके समाधान के लिए किए जा रहे प्रयासों को साझा करना है। अधिकारियों ने अपने-अपने जिलों की खास पहल, अनुभव और चुनौतियों को मंच पर रखा, ताकि बेहतर तालमेल के साथ काम किया जा सके।

लंबित समस्याओं पर होगी चर्चा

20 फरवरी को होने वाले सत्र में पूर्व सैनिकों से जुड़े अलग-अलग संगठनों और विभागों के साथ संवाद किया जाएगा। इस दौरान COSA, NCC, ECHS, CSD, स्टेशन मुख्यालय और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा कर पूर्व सैनिकों की लंबे समय से लंबित समस्याओं और कल्याण से जुड़े मुद्दों पर समाधान निकालने की कोशिश की जाएगी।

पूर्व सैनिकों को मिलेगा लाभ

छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित हो रहा यह जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कॉन्क्लेव राज्य के पूर्व सैनिक समुदाय के लिए अहम माना जा रहा है। बोर्ड का मानना है कि इस पहल से पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान और उनकी सुविधाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।