छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पत्नी की हत्या करने वाले पति को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार लिया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पत्नी की हत्या करने वाले पति को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार लिया है। आरोपी ने अपनी साली और बच्ची पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। पत्नी पिछले 6 महीने से मायके में रह रही थी। ऐसे में पति उसके कैरेक्टर पर शक करता था और इसी बात से नाराज था।

मामला प्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सरहरी का है। जानकारी के अनुसार, 20-21 फरवरी की दरम्यानी रात गणेश कुशवाहा अपने ससुराल में शादी समारोह में शामिल होने गया था। रात में उसने अपनी पत्नी यशोदा कुशवाहा पर सोते समय हथौड़े से हमला कर दिया। इसके बाद दूसरे कमरे में जाकर साली गंगोत्री पर भी वार किया।

बीच-बचाव करने पहुंची बच्ची पिंकी पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। तीनों को पहले प्राथमिक उपचार दिया गया, फिर अंबिकापुर मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान यशोदा की मौत हो गई। गंगोत्री की हालत गंभीर होने पर उसे रायपुर रेफर किया गया।

चरित्र पर शक बना हमले की वजह

प्रतापपुर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने उसे रामानुजगंज थाना क्षेत्र के एक गांव से गिरफ्तार किया। वह अपनी बड़ी बहन के घर छिपा था।

पूछताछ में गणेश ने बताया कि छह महीने पहले वह गाड़ी से गिरकर घायल हो गया था। इसके बाद उसकी तबीयत ठीक नहीं रहती थी। इसी दौरान उसकी पत्नी मायके में रहने लगी। उसे पत्नी के चरित्र पर शक था। साली गंगोत्री भी अपनी बहन का साथ देती थी, जिससे वह और नाराज हो गया।

पहले से बना रखी थी हत्या की योजना

आरोपी ने बताया कि वह साले की शादी में शामिल होने के बहाने ससुराल पहुंचा था। उसने पहले चाकू से हत्या करने की योजना बनाई थी। वह पत्नी की हत्या कर खुद भी जान देना चाहता था। रात में मौका देखकर उसने हथौड़े से हमला कर दिया।

पहले भी कर चुका था आत्महत्या की कोशिश

प्रतापपुर एसडीओपी अनूप कुमार एक्का ने बताया कि आरोपी ने छह महीने पहले जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की थी, लेकिन उसकी जान बच गई थी। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।