जांजगीर-चांपा जिले के बनाहिल गांव में शादी समारोह के दौरान डीजे बंद कराने को लेकर हुए विवाद में हत्या के प्रयास के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मुलमुला थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
थाना प्रभारी पारस पटेल ने बताया कि पीड़ित राकेश केवट ने 22 फरवरी की रात घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। राकेश के दोस्त विकास केवट की बहन की शादी के कार्यक्रम में चुलमाटी के दौरान डीजे बज रहा था।
इसी दौरान दिलीप केवट गाली-गलौज करते हुए रांपा लेकर मौके पर पहुंचा। जब राकेश ने इसका विरोध किया, तो दिलीप ने उसके सिर पर रांपा से वार कर दिया, जिससे राकेश जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद दुर्गेश केवट और साहिल केवट भी डंडा लेकर आए और राकेश के साथ मारपीट करने लगे।
रांपा और डंडे से हमले की बात कबूली
घटना की सूचना पर मुलमुला थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने तीनों आरोपी दिलीप केवट (27), दुर्गेश केवट (26) और साहिल केवट (19) को हिरासत में लिया।
पूछताछ में तीनों ने रांपा से हमला करने और डंडे से मारपीट करने की बात स्वीकार की है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 109, 3(5) के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।