छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक युवक की लाश बंद कमरे में मिली

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक युवक की लाश बंद कमरे में मिली है। उसके हाथ और गले में चोट के निशान पाए गए हैं। मंगलवार रात युवक खाना खाने के बाद अपने कमरे में चला गया था। देर रात घटना की जानकारी परिजनों को हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना घरघोड़ा थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, घरघोड़ा के वार्ड नंबर-8 निवासी अभिषेक विश्वकर्मा (20) ने मंगलवार रात घर पर खाना खाया और उसके बाद अपने कमरे में चला गया। रात करीब 10 बजे उसके कमरे से किसी चीज के गिरने की आवाज आई। आवाज सुनकर परिजन कमरे के पास पहुंचे और उसे आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

इसके बाद उसके फोन पर कॉल किया गया, फिर भी कोई जवाब नहीं आया। शक होने पर परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा। अंदर अभिषेक खून से लथपथ हालत में फर्श पर पड़ा था। कमरे के फर्श और बिस्तर पर खून के छींटे दिखाई दे रहे थे।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। रात होने के कारण प्रारंभिक जांच के बाद कमरे को सील कर दिया गया। मौके से एक बड़ा धारदार चाकूनुमा हथियार बरामद किया गया। बुधवार सुबह पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर हर एंगल से जांच शुरू की। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीओपी समेत पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

सुसाइड का मामला होने की आशंका

शुरुआती जांच में सामने आया है कि कमरा अंदर से बंद था। पुलिस की जांच में फिलहाल मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। बताया जा रहा है कि, युवक ने आईटीआई की पढ़ाई पूरी की थी और वह पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान था।

इससे पहले भी उसने आत्महत्या का प्रयास किया था। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।