भिलाई स्टील प्लांट के बाहर से वाहनों की चोरी में दुर्ग पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए चोरी के सरगना को गिरफ्तार कर लिया

Chhattisgarh Crimesभिलाई स्टील प्लांट के बाहर से वाहनों की चोरी में दुर्ग पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए चोरी के सरगना को गिरफ्तार कर लिया है। बाइक चोरी का मुख्य आरोपी मैकेनिकल इंजीनियर है, जो पहले बीएसपी में ही संविदा पर काम करता था। बाद में नौकरी छोड़कर बीएसपी प्लांट की पार्किंग से दो पहिया वाहनों की चोरी करने लगा।आरोपी चोरी किए गए वाहनों को जशपुर में जाकर बेचता था। वहां दो सहयोगी चोरी की बाइक को खपाने में सहयोग करते थे। पुलिस ने मुख्य आरोपी ई पापा राव के साथ तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे 31 लाख रुपए की कीमती 31 वाहन जब्त किए गए हैं।

सीसीटीवी फुटेज में लंगड़ाते दिखा, उसी पहचान पर पकड़ाया आरोपी ने 7 नवंबर को BSP के RTS में कॉन्ट्रैक्ट वर्कर विपिन साहू की बाइक मेन गेट की पार्किंग से चोरी की थी। इस चोरी का सीसीटीवी फुटेज पुलिस को मिला था। इस फुटेज में आरोपी लंगड़ा कर चलते हुए दिख रहा था। पुलिस को इससे काफी मदद मिली। आरोपी के चलने के स्टाइल पर पुलिस ने उसकी पतासाजी शुरू की। बाद में इसी फुटेज के आधार पर पुलिस को मुख्य आरोपी ई पापा राव को पकड़ने में मदद मिली। आरोपी के पैर में लोहे की रॉड लगी है, जिससे वह लंगड़ा कर चलता है। रायपुर से बस में बैठकर आता था चोरी करने बाइक चोरी का मुख्य आरोपी ई. पापा राव भोपाल से मैकेनिकल इंजीनियरिंग किया हुआ है। वह पहले खुर्सीपार क्षेत्र में रहता था, लेकिन वर्तमान में रायपुर के चंगोरा भाठा में रहता था। वह बस से रायपुर से भिलाई आता था, पावर हाउस चौक पर उतरकर पैदल बीएसपी के मेन गेट स्थित पार्किंग तक पहुंचता और वहां खड़ी गाड़ियों की चोरी करता था।

ज्यादातर होंडा साइन बाइक की चोरी आरोपी के पास एक मास्टर चाबी थी, जिससे वह खासतौर पर होंडा साइन मॉडल की बाइक को आसानी से खोल लेता था। इसके अलावा जो भी अन्य गाड़ी उस चाबी से खुल जाती, उसे भी चोरी कर ले जाता था। जून 2024 से वह लगातार इस वारदात को अंजाम दे रहा था। बीएसपी के मुख्य गेट की पार्किंग आरोपी के लिए काफी आसान टार्गेट था। भिलाई-भट्टी थाने में अकेले 23 बाइक चोरी के मामले दर्ज हैं। इसके अलावा छावनी थाना, जीआरपी थाना और रायपुर के विभिन्न थानों में भी उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज हैं।

जशपुर में खपाता था चोरी की बाइक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि चोरी की गई बाइक को वह जशपुर जिले के कुनकुरी में अपने दो साथियों को बेचने के लिए देता था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कुनकुरी से 11 बाइक जब्त कीं। वहां से मनोज राम और राम सेवक प्रजापति उर्फ रवि को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी मैकेनिक का काम करते थे और चोरी की गाड़ियों को ठिकाने लगाने में सहयोग करते थे।

एक साल में 31 बाइक की चोरी पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार 1 जनवरी से 14 दिसंबर 2025 के बीच कुल 31 बाइक की चोरी हुई। इनमें सबसे ज्यादा 19 बाइक बीएसपी के मेन गेट के बाहर बनी पार्किंग से चोरी हुई हैं, जबकि 4 बाइक बीएसपी के बोरिया गेट की पार्किंग से गायब हुए। इसके अलावा गणेश पूजा के दौरान गणेश पंडाल से 2 बाइक चोरी हुईं। सेक्टर-1 गार्डन से भी 2 बाइक चोरी की घटनाएं दर्ज की गईं। वहीं, प्लांट के अंदर बिलेट यार्ड कंट्रोल रूम के बाहर से 1 बाइक, सेक्टर-3 के चाइना मार्केट से 1 बाइक चोरी हुई। बीटीआई भवन की पार्किंग से 1 बाइक और आईआर विभाग कार्यालय के गेट के बाहर से 1 बाइक चोरी हुई थी।