छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। रेत से भरे हाईवा के ड्राइवर ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई।

घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया और मुआवजे की मांग करने लगे। मामला कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 10 बजे एक युवक बाइक से रायगढ़ की ओर से धनागर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही रेत से भरी हाईवा के ड्राइवर ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवक हाईवा के पहिए के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवा भी अनियंत्रित होकर पलट गई।

आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम चकराभांठा निवासी 28 वर्षीय गुलशन बंजारे के रूप में हुई। वह रायगढ़ से काम खत्म कर अपने घर लौट रहा था।घटना से गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने गुरुवार को धनागर रोड पर चक्काजाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रुक गई।

मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन

हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीण मुआवजे की मांग करने लगे। जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। तहसीलदार, कोतरा रोड थाना प्रभारी और पुलिस जवानों ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण मानने को तैयार नहीं थे।

बाद में पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता राशि दी गई और आगे मदद का आश्वासन दिया गया। करीब चार घंटे बाद ग्रामीणों ने आंदोलन खत्म कर दिया।

आगे की कार्रवाई जारी

कोतरा रोड थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज ने बताया कि हादसा रात में हुआ था। गुरुवार को ग्रामीण मुआवजे की मांग को लेकर धनागर रोड पर जमा हुए थे। फिलहाल तत्काल सहायता राशि दे दी गई है और अब स्थिति सामान्य है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।