जांजगीर-चांपा जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने किसानों को ठगी से बचाने के लिए छत्तीसगढ़ी भाषा में एक पोस्टर का विमोचन किया

Chhattisgarh Crimesजांजगीर-चांपा जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने किसानों को ठगी से बचाने के लिए छत्तीसगढ़ी भाषा में एक पोस्टर का विमोचन किया है। इन पोस्टरों को बैंकों के पास लगाया जा रहा है, ताकि किसानों और ग्रामीणों को जागरूक किया जा सके।

एसपी पांडेय ने बताया कि 28 फरवरी को होली से पहले किसानों को उनकी साल भर की कमाई का पैसा मिलेगा, जिससे बैंकों में भीड़ उमड़ेगी। हाल के दिनों में बैंक से पैसे ले जा रहे किसानों और ग्रामीणों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है।

इन मामलों को रोकने के लिए आमजन और किसानों का सतर्क और जागरूक रहना अत्यंत आवश्यक है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह पोस्टर छत्तीसगढ़ी भाषा में जारी किया गया है।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य किसानों और ग्रामीण नागरिकों को ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करना है। इसके तहत बैंक परिसर और आसपास सक्रिय संदिग्ध व्यक्तियों से सतर्क रहने की अपील की गई है। साथ ही, साइबर अपराध के बढ़ते मामलों पर भी विशेष जानकारी प्रदान की जा रही है। आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।

बैंक से धनराशि निकालते समय बरतें सावधानियां

बैंक से बड़ी धनराशि निकालते समय कुछ सावधानियां बरतनी चाहिए। अधिक पैसे निकालते समय अकेले न जाएं, किसी विश्वसनीय व्यक्ति को साथ रखें। बैंक के अंदर और बाहर अपने आसपास के लोगों पर नजर रखें और किसी भी अज्ञात व्यक्ति से सहायता न लें।

पैसे गिनने या बैग बदलने जैसी संदिग्ध गतिविधियों से सावधान रहें। यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 112 या पुलिस कंट्रोल रूम मोबाइल नंबर 94791-93199 पर सूचना दें।

साइबर ठगी से बचाव के लिए भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए हैं। किसी भी अज्ञात कॉल, लिंक या मैसेज पर भरोसा न करें। अपना ओटीपी, एटीएम पिन या बैंक डिटेल्स किसी के साथ साझा न करें। बैंक अधिकारी बनकर जानकारी मांगने वाले कॉल से सतर्क रहें।

साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें।

पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि वे जागरूक रहें, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।