कोरबा में कोतवाली थाना क्षेत्र के लक्ष्मण बन तालाब काली मंदिर के पास एक निर्माणाधीन बाउंड्री वॉल का हिस्सा ढह गया

Chhattisgarh Crimesकोरबा में कोतवाली थाना क्षेत्र के लक्ष्मण बन तालाब काली मंदिर के पास एक निर्माणाधीन बाउंड्री वॉल का हिस्सा ढह गया। इस हादसे में दो साल के एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह घटना शुक्रवार शाम लगभग 6 बजे हुई। लक्ष्मण बन तालाब के पास एक फ्लैट का निर्माण कार्य चल रहा है। फ्लैट के पिछले हिस्से में बनी बाउंड्री वॉल के दूसरी तरफ जेसीबी से मलबा और रेत हटाने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान जेसीबी के धक्के से बाउंड्री वॉल का एक हिस्सा ढह गया।

हादसे में दो साल का बच्चा चपेट में आया

हादसे के समय कुछ लोग उस रास्ते से गुजर रहे थे और एक बच्चा पास में खेल रहा था, जो इसकी चपेट में आ गए। मलबे में दबने से स्थानीय निवासी दो वर्षीय बालक धनेश कर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। संजू कर्ष (20 वर्ष) और विशाल यादव (18 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

इस दुर्घटना में एक युवक की मोटरसाइकिल और किनारे खड़ी एक सवारी ऑटो भी डैमेज हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।

दोनों घायल अस्पताल में भर्ती

सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मोतीलाल पटेल अपने स्टाफ के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।

घायल विशाल यादव (18 वर्ष) ने बताया कि हादसे के वक्त 4 से 5 लोग मौके पर बैठे या खड़े थे, जब अचानक दीवार गिर गई और वे सभी मलबे में दब गए। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने पुष्टि की कि इस घटना में एक बच्चे की मौत हुई है और दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।