सरगुजा के उदयपुर क्षेत्र में प्लेन क्रैश होने की खबर से प्रशासनिक अमले सहित लोग भी हलाकान रहे। बताया गया है कि एक प्लेन काफी कम उंचाई से उड़ता हुआ निकला, जिसके बाद यह अफवाह फैली। उदयपुर क्षेत्र के जंगल में आग लगी हुई है, जिसका धुआं देखकर लोगों ने प्लेन क्रैश की आशंका जताई थी। शाम तक की खोजबीन में कुछ भी नहीं मिला। प्रशासनिक अमले ने भी ऐसी कोई घटना होने से इनकार किया है।
जानकारी के मुताबिक, सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र में एक प्लेन क्रैश होने की अफवाह दोपहर करीब ढाई बजे फैली। अफवाह में बताया गया कि एक प्लेन काफी कम उंचाई से उड़ता हुआ देखा गया है। उक्त प्लेन के शंकरपुर के जंगल में क्रैश होने की अफवाह फैलने पर प्रशासनिक अमला, पुलिस टीम एवं स्थानीय लोग जंगल की ओर रवाना हो गए। सूरजपुर में भी अफवाह फैली की प्लेन सरगुजा-सूरजपुर जिले की सीमा पर हादसे का शिकार हो गया है।
घंटों की मशक्कत के बाद कुछ नहीं मिला अफवाह की खबर तेजी से फैलने के बाद शंकरपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों तथा उदयपुर, प्रेमनगर और रामानुजनगर ब्लॉक से सैकड़ों ग्रामीणों ने आसपास के जंगलों में पतासाजी की। उदयपुर थाना प्रभारी शिशिर कांत भी शंकरपुर पहुंचे, लेकिन कहीं कुछ नहीं मिला। पटवारी एवं कोटवारों की टीम भी ग्रामीणों के साथ पतासाजी में जुटे रहे। शाम पांच बजे तक कुछ नहीं मिला तो लोगों ने राहत की सांस ली।
जंगल में लगी आग के कारण फैली अफवाह बताया गया है कि मंगलवार दोपहर एक छोटा विमान काफी कम उंचाई में उड़ते हुए देखा गया था। इसके बाद जंगल से निकलने वाले धुएं के कारण जंगल में प्लेन क्रैश होने की अफवाह फैली। लोग जंगल में पहुंचे तो पता चला कि जंगल में आग लगी हुई है। आग लगने से धुआं आसपास फैल रहा है।
उदयपुर एसडीएम बन सिंह नेताम ने बताया कि प्लेन क्रैश की सूचना पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम द्वारा एहतियातन संसाधनों सहित गांव में जाकर पतासाजी कराई गई। घटना की सूचना पूरी तरह से अफवाह निकली।
सूरजपुर एसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने बताया कि अफवाह की तस्दीक कराई गई। कहीं से प्लेन क्रैश की कोई जानकारी नहीं आई है।