राजधानी रायपुर में पुलिस ने इंटरस्टेट गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 28.621 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 14.41 लाख रुपए बताई गई है। मामला कबीर नगर थाना क्षेत्र का है।
दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि सीतानगर गोगांव रोड स्थित अविनाश आशियाना के पीछे भाठा के पास एक युवक बैग में गांजा लेकर बेचने के फिराक में है। सूचना के आधार पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और कबीर नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी की।
टीम ने संदेही युवक को पकड़कर उसके ट्रॉली बैग की तलाशी ली। बैग में बड़ी मात्रा में गांजा मिला। पुलिस ने आरोपी के पास से 28.621 किलो गांजा 1 मोबाइल फोन बरामद किया। पूछताछ में उसने अपना नाम रायबरेली निवासी अविनाश अग्रहरी बताया।
आरोपी से पूछताछ जारी
आरोपी के खिलाफ कबीर नगर थाना में अपराध क्रमांक 60/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(C) में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। गांजा कहां से लाया गया और किसे सप्लाई किया जाना था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
इस साल की कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, साल 2026 में अब तक 16 मामलों में 34 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनसे 185 किलो से ज्यादा गांजा, 2.05 लाख रुपए नकद, 2 चारपहिया वाहन और 9 मोबाइल फोन जब्त किए जा चुके हैं।