मनेन्द्रगढ़ शहर के चनवारीडांड स्थित वार्ड क्रमांक 1 में गुरुवार को एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार, चनवारीडांड निवासी राज पेंटर और उसकी पत्नी सुबरतिया बाई के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि घटना के समय पति-पत्नी दोनों शराब के नशे में थे।
आपसी कहासुनी बढ़ने पर पति राज पेंटर ने गुस्से में आकर पत्नी पर हमला कर दिया। इस हमले में सुबरतिया बाई की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी पति राज पेंटर को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।फिलहाल हत्या के पीछे का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के सही कारणों का पता चल पाएगा।