राजनांदगांव पुलिस ने होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए ‘क्लीन स्वीप’ अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की गई। डोंगरगांव, कोतवाली और सुरगी पुलिस ने अवैध शराब, नशीली दवाएं जब्त कीं और शांति भंग करने वालों को गिरफ्तार किया।
डोंगरगांव पुलिस ने शुष्क दिवस पर अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई की। निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर के नेतृत्व में पुलिस ने अमलीडीह स्थित ‘भारत ढाबा’ पर दबिश दी और ढाबा संचालक निजामुद्दीन अंसारी उर्फ राजा को गिरफ्तार किया।
उसके पास से 320 नग देशी प्लेन और 16 पौवा अंग्रेजी शराब बरामद की गई। कुल 336 पौवा (60.480 बल्क लीटर) शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 28,800 रुपये है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
कोतवाली पुलिस और चिखली चौकी की टीम ने नशीली दवाओं के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की। सीआईटी बाईपास लखोली रोड के पास घेराबंदी कर आदिल अहमद सिद्दीकी और नितेश पांडे नामक दो आरोपियों को पकड़ा गया। उनके पास से 100 नग नाइट्रोमेक-10 और 480 नग अल्प्राजोलम टैबलेट सहित भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद हुईं।
पुलिस के अनुसार, इन टैबलेट्स को होली के दौरान शहर में खपाने की योजना थी। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।