छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में गुरुवार रात चाकू मारकर एक युवक की हत्या कर दी गई। पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में चार युवकों ने 27 वर्षीय गणेश झंझोटे पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि तीन अन्य फरार हैं। मामला भाटापारा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, गणेश झंझोटे भाटापारा नगर पालिका में सफाईकर्मी के रूप में काम करता था। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक भी नगर पालिका में ही सफाईकर्मी हैं। पुराने एक मामले में दिए गए बयान को लेकर उनके बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने गणेश पर चाकू से हमला कर दिया।
सीएचसी के सामने रोका रास्ता, फिर किया हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना गुरुवार रात करीब 10:45 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भाटापारा के सामने हुई। आरोपियों ने गणेश झंझोटे का रास्ता रोक लिया और पुरानी बातों को लेकर उससे झगड़ा करने लगे।चाकू से कई वार कर फरार हुए आरोपी
इसी दौरान आरोपी मनोज ध्रुव और उसके तीन साथियों ने गणेश पर चाकू से कई वार किए। हमला करने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घायल गणेश को तुरंत निजी जीवन मल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एक आरोपी हिरासत में, तीन की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही भाटापारा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के परिचितों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर चारों आरोपियों की पहचान कर ली। पुलिस ने एक आरोपी मनीष ध्रुव को हिरासत में ले लिया है। वहीं मुख्य आरोपी मनोज ध्रुव सहित अन्य दो फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।