छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में सेल स्पॉट मोबाइल दुकान में चोरी की घटना घटित हुई थी। जिसमें चोर ने अपने मोबाईल का फ्लैश-लाईट जलाकर 16 आईफोन, कैश समेत 14 लाख की चोरी कर फरार हो गया था। जहां मामले में पुलिस ने जांच करते हुए आरोपी को चलती ट्रेन में घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि गोपी टॉकीज के सामने स्थित सेल स्पॉट मोबाइल दुकान में 9 मार्च की रात चोरी की घटना घटित हुई थी।
जिसकी जानकारी होने के बाद दुकान संचालक मोहम्मद फारुक ने 16 नग आईफोन और कैश समेत 14 लाख की चोरी हो जाने की रिपोर्ट कोतवाली थाना में दर्ज कराई थी। पुलिस मामले में आरोपी के खिलाफ अपराध कायम कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कोतवाली और साइबर थाना की विशेष टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि संदेही मोबाइल का उपयोग कर रहा है, जिस पर साइबर टीम द्वारा तकनीकी विश्लेषण कर उसकी लोकेशन ट्रेस की गई।
चलती ट्रेन में आरोपी को पकड़ा पुलिस टीम तत्काल रायपुर पहुंची और रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्मों पर आरोपी की तलाश शुरू की गई। इसी दौरान आरोपी ट्रेन में बैठकर रायगढ़ की ओर आ रहा था, जिसे चलती ट्रेन में ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर धर दबोचा।
इसके बाद उससे पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आकाश चौहान 19 साल निवासी ग्राम कलमी बताया। पूछताछ में आरोपी ने सेल स्पॉट मोबाइल दुकान में चोरी करना स्वीकार किया।
दूसरी मंजिल का लॉक तोड़कर भीतर घुसा उसने यह भी बताया कि उसने जनवरी माह में अपने साथियों के साथ बोईरदादर चौक स्थित साहा मोबाइल दुकान में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
आरोपी ने बताया कि वह दुकान के पीछे निर्माणाधीन हिस्से के पास लगे लोहे की सीढ़ी के सहारे ऊपर चढ़कर दूसरी मंजिल का लॉक तोड़कर दुकान में घुसा और शोकेस में रखे 16 नग आईफोन को एक काले रंग के बैग में भर लिया। इसके बाद काउंटर से नकदी लेकर उसी रास्ते से फरार हो गया।
आरोपियों के पास से आईफोन जब्त पुलिस द्वारा आरोपी आकाश चौहान से चोरी के 15 नग आईफोन और एक मोटर साइकिल बरामद की गई है। वहीं चोरी का एक आईफोन उसके साथी लकेश्वर चंद्रा 21 साल निवासी सोनूमुड़ा के कब्जे से बरामद कर उसे भी गिरफ्तार किया गया है।
दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। साथ ही चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में दर्ज पूर्व चोरी के मामले में आरोपी को अलग से पुलिस रिमांड पर लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा जिले में चोरी, लूट और अन्य संपत्ति संबंधी अपराध करने वाले आरोपियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस कार्रवाई के माध्यम से ऐसे अपराधों का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जा रहा है।
आम नागरिकों से अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।