छत्तीसगढ़ के कोरबा में पिछले 24 घंटे के भीतर 3 लोगों ने आत्महत्या कर ली

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के कोरबा में पिछले 24 घंटे के भीतर 3 लोगों ने आत्महत्या कर ली। सर्वमंगला रेलवे ब्रिज पर फांसी के फंदे पर युवक की लाश मिली है। SECL कॉलोनी में कर्मचारी ने फांसी लगाकर जान दे दी। जमनीपाली में 35 वर्षीय युवक ने मौत को गले गया लिया। तीनों अलग-अलग थाना क्षेत्र की घटना है।

पहली घटना मानिकपुर पुलिस चौकी क्षेत्र की है। मंगलवार सुबह एसईसीएल सेंट्रल वर्कशॉप में पदस्थ कर्मचारी ने जेपी कॉलोनी स्थित अपने क्वार्टर में फांसी लगाकर जान दे दी। जानकारी के अनुसार मृतक पिछले कुछ सालो से बीमारी से जूझ रहा था, उसकी पत्नी भी बीमार थी, दोनों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

रेलवे ब्रिज पर फंदे से लटकती मिली लाश

दूसरी घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। सर्वमंगला रेलवे ब्रिज पर करीब 25 फीट ऊंचाई पर एक युवक की फांसी के फंदे पर लटकती लाश मिलने से हड़कंप मच गया। राहगीरों की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, साथ ही रेलवे पुलिस भी जांच में जुट गई।

सुबह हसदेव नदी के किनारे निस्तार के लिए पहुंचे लोगों ने ब्रिज की सीढ़ियों पर युवक को फंदे से लटका देखा। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक ने किसी लड़की के दुपट्टे से फांसी लगाई। मौके से लड़की का रुमाल समेत कुछ अन्य सामान बरामद हुआ है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि देर रात युवक को एक युवती के साथ बस्ती में घूमते देखा गया था। इसके बाद सुबह यह घटना सामने आई। मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा है। रेलवे आरपीएफ प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि मौके पर जांच की गई है, पहचान के प्रयास जारी हैं।

युवक ने फांसी लगाकर दी जान

तीसरी घटना दर्री थाना क्षेत्र के जमनीपाली की है। जहां 35 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान राकेश साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह एक दिन पहले ही अपने गांव से लौटकर घर आया था। घटना के कारणों का पता लगाने में पुलिस जुटी है।

पुलिस कर रही जांच

तीनों मामलों में पुलिस अलग-अलग पहलुओं पर जांच कर रही है। आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास जारी है।