छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक शख्स ने तंत्र-मंत्र के चक्कर में चाकू से खुद का गला काट लिया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक शख्स ने तंत्र-मंत्र के चक्कर में चाकू से खुद का गला काट लिया। पूजा रूम में खून से लथपथ उसकी लाश देख बहू की चीखें निकल गई। 4 महीने पहले भी उसने अपना हाथ काटा था। घटना पचपेड़ी थाना क्षेत्र की है।

दरअसल, ग्राम जोंधरा निवासी चंदन नट (45) भीख मांगकर अपने और परिवार का गुजर-बसर करता था। रोज की तरह वो मंगलवार को भीख मांगने निकला था। शाम करीब 6 बजे वह घर लौटा। इस दौरान अपने बड़े भाई के साथ बैठकर बीड़ी पीते हुए काफी देर तक बातचीत की। भाई के जाने के बाद वह अपने घर के अंदर पूजा कमरे में चला गया।

कमरे में बहू ने देखा- खून से लथपथ पड़ा था ससुर

इसके बाद शाम करीब 7 बजे चंदन की बहू किसी काम से घर के पूजा कमरे की ओर गई। इस दौरान अंदर कमरे में चंदन खून से लथपथ पड़ा था। उसे देखकर वो चीख पड़ी। बहू की आवाज सुन उसका बेटा सुल्तान और परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे।

इलाज के लिए लेकर गए अस्पताल, हो चुकी थी मौत

चंदन को घायल समझकर परिजन आनन-फानन में अस्पताल लेकर गए। लेकिन, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने इस घटना की जानकारी पचपेड़ी पुलिस को दी। खबर मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल बिलासपुर से डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक एक्सपर्ट को बुलाया गया।

रात होने की वजह से शव को घटनास्थल पर ही रखवाया है। फोरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड की टीम ने बुधवार सुबह घटना की बारीकी से जांच की। फिर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

रात में चाकू खरीदकर लाया था घर

इस मामले में मधुलिका सिंह एएसपी ग्रामीण का कहना है कि, चंदन अक्सर पूजा पाठ करता था। रात में वो चाकू खरीदकर घर लाया था। उसी चाकू से तंत्र-मंत्र के चक्कर में खुद का गला काट लिया। उसने 4 महीने पहले भी अपना हाथ काटकर खुदकुशी की कोशिश की थी।