एमसीबी जिले के खोंगापानी क्षेत्र में स्थित हल्दीराम भंडारी खदान से लोहे के कबाड़ की चोरी का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesएमसीबी जिले के खोंगापानी क्षेत्र में स्थित हल्दीराम भंडारी खदान से लोहे के कबाड़ की चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया है।

प्रार्थी राम नारायण मिश्रा ने खोंगापानी झगराखांड थाना अंतर्गत खोंगापानी चौकी में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि खदान के सुरक्षा प्रहरी रामचरण मिश्रा ने सुबह लगभग 5 बजे एक पिकअप वाहन (क्रमांक CG16 A0498) में कुछ लोगों को एसईसीएल का पुराना बड़ा टब, लोहे का एंगल, ड्रिल रॉड, बोल्ट रॉड और अन्य कबाड़ चोरी कर ले जाते देखा। चोरी किए गए कबाड़ का वजन लगभग 5 क्विंटल था।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन का पता लगाया। घेराबंदी कर झगराखांड पुलिस ने वाहन चालक सरफराज और उसके साथी छोटकू, विरन बसोर, कालीघरण बसोर और भजन बसोर को हिरासत में लिया। ये सभी लालपुर के निवासी हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उनके कब्जे से पिकअप वाहन और चोरी का कबाड़ जब्त कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ झगराखांड थाने में धारा 303(2) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक आर.एन. गुप्ता, चौकी प्रभारी खोंगापानी राकेश शर्मा और पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।