कोरबा में गेवरा खदान में डंपर ऑपरेटरों ने बस चालक बहोरन सिंह (53) के साथ मारपीट की

Chhattisgarh Crimesकोरबा में गेवरा खदान में डंपर ऑपरेटरों ने बस चालक बहोरन सिंह (53) के साथ मारपीट की। यह घटना दीपका थाना क्षेत्र के ई एंड एम क्वारी सेक्रान स्थित कैंटीन के पास हुई। विवाद स्टॉप बस को साइड न देने को लेकर शुरू हुआ था, जो हिंसक झड़प में बदल गया।

बहोरन सिंह ने बताया कि मारपीट के बाद उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। आरोपियों ने कहा कि अगर वह दोबारा सामने आया तो उस पर गाड़ी चढ़ा देंगे और लोग इसे हादसा समझेंगे।

घटना के बाद खदान प्रबंधन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। घायल चालक बहोरन सिंह पर शराब पीने का आरोप लगाया गया, जिसकी जांच कंपनी ने अल्कोहल मीटर से की। जांच में अल्कोहल की मात्रा शून्य पाई गई। बहोरन सिंह ने बताया कि वह शराब का सेवन नहीं करता और उस पर बेवजह मारपीट का आरोप लगाया गया।

ड्राइवर को लात-घूंसों से पीटा, धमकी दी

पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, आरोपियों ने बहोरन सिंह को लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा और जान से मारने की धमकी दी। इस मारपीट में बहोरन के सीने में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें तत्काल NCH अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज

मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला। पीड़ित की शिकायत पर दीपका पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दीपका थाना के सहायक उप निरीक्षक जितेश सिंह ने बताया कि अस्पताल से मिले मेमोरेंडम के आधार पर आरोपी डंपर ऑपरेटर के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इंटक संगठन ने इस घटना की निंदा की है। संगठन ने पुलिस से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, क्योंकि खदान में पहले भी ऐसी मारपीट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।