कांकेर पुलिस ने शासकीय राशन चावल की अवैध खरीद-फरोख्त के खिलाफ कार्रवाई की है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 44 क्विंटल 50 किलोग्राम चावल और दो बोलेरो पिकअप वाहन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 15 हजार 700 रुपए आंकी गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। इसके आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने कोकड़ी चौक से नाथियानवागांव मार्ग पर घेराबंदी की। इस दौरान दो पिकअप वाहनों को रोका गया।
वाहनों की जांच करने पर उनमें बड़ी मात्रा में राशन चावल पाया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे शासकीय उचित मूल्य दुकान से 16 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से चावल खरीदते थे। इसके बाद उसे मिल में प्रोसेस करवाकर 26 रुपए प्रति किलोग्राम में बेचते थे।
जब्त किए गए चावल में से एक वाहन से 18 क्विंटल 70 किलोग्राम और दूसरे वाहन से 25 क्विंटल 80 किलोग्राम चावल मिला। यह कुल 83 बोरियों में भरा हुआ था।
पुलिस ने हाटकोगेंरा निवासी भूपेन्द्र कुमार साहू (29 वर्ष) और राहुल निषाद (19 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।