बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के धारानगर गांव में चोरी के शक पर युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर बेदम पीटा। युवक के कपड़े भी फाड़ दिए। बीच-बचाव करने पहुंचे युवक के पिता को भी ग्रामीणों ने पीटा। मामले का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। मामले में पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। मामला शंकरगढ़ थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, शंकरगढ़ के कोरंधा निवासी युवक श्रीकांत सिंह शनिवार को अपनी बाइक से करीब 8 किलोमीटर दूर ग्राम धारानगर गया था। ग्रामीणों ने दोपहर में उसे एक छोटी बोरी सरसों की चोरी करते हुए पकड़ा और उसकी बेदम पिटाई कर दी। ग्रामीणों ने युवक की पिटाई करते हुए उसके कपड़े भी फाड़ दिए।
बचाव करने पहुंचे पिता की भी पिटाई श्रीकांत सिंह ने फोन कर अपने पिता को घटना की सूचना दी तो उसके पिता मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने श्रीकांत के पिता की भी पिटाई कर दी। मारपीट का वीडियो ग्रामीणों ने बनाया और सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।
मामले में श्रीकांत के पिता की रिपोर्ट पर शंकरगढ़ पुलिस ने तीन नामजद ग्रामीणों सहित अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है। चोरी की रिपोर्ट थाने में दर्ज नहीं हुई है।
यह था मामला बताया गया है कि श्रीकांत सिंह आदतन बदमाश है और पहले भी चार से पांच बार चोरी के आरोप में पकड़ा जा चुका है। शनिवार को सुबह वह बाइक से राधानगर गया था। राधानगर निवासी परशु मिंज के घर का ताला तोड़ने की उसने कोशिश की। परशु मिंज का परिवार घर बंद कर महुआ बिनने गया था।
ग्रामीणों के अनुसार श्रीकांत सिंह ने परशु मिंज के घर की खिड़की तोड़ी और अंदर घुसकर घर से एक छोटी बोरी में सरसों और 300 रुपये नगदी की चोरी कर ली। वह दूर खड़ी बाइक तक पहुंचा और सरसों की बोरी लादकर जा रहा था तो ग्रामीणों ने शक के आधार पर उसे रोका व पूछताछ की।
पूछताछ में उसने सही जवाब नहीं दिया तो ग्रामीणों ने उसकी पिटाई कर दी। मारपीट के बाद उसने परशु मिंज के घर से चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद ग्रामीणों ने उसके कपड़े भी फाड़ दिए।
चोरी की रिपोर्ट नहीं आई-टीआई शंकरगढ़ टीआई जितेंद्र जायसवाल ने बताया कि मामले में शिकायत पर तीन ग्रामीणों के खिलाफ नामजद अपराध दर्ज किया गया है, जिनकी वीडियो के आधार पर शिनाख्त की गई है। दूसरे पक्ष को बुलाया गया था, लेकिन वे थाने नहीं आए हैं। चोरी की रिपोर्ट अभी दर्ज नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है। किसी की भी पिटाई करना गलत है और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।