मुंगेली जिले के लोरमी इलाके में एक शादी समारोह के बाद दूल्हा-दुल्हन की कार में भीषण आग लग गई

Chhattisgarh Crimesमुंगेली जिले के लोरमी इलाके में एक शादी समारोह के बाद दूल्हा-दुल्हन की कार में भीषण आग लग गई। विदाई के बाद घर लौटते समय यह घटना हुई। कार में सवार दूल्हा-दुल्हन समेत कुल सात लोगों ने कूदकर अपनी जान बचाई। इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है।

बंधवा पुल के नजदीक हुई यह घटना

यह घटना लोरमी के कुर्मी मोहतरा गांव के पास लोरमी-मुंगेली स्टेट हाईवे पर बंधवा पुल के नजदीक हुई। बेमेतरा से बारात आई थी और सुबह विदाई का कार्यक्रम संपन्न हुआ था। गांव से कुछ ही दूरी पर दूल्हे की गाड़ी के अगले हिस्से से अचानक आग की लपटें निकलने लगीं।

कार में सवार सभी ने कूदकर बचाई जान

आग लगते ही कार में सवार सभी सात लोगों ने तुरंत बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वह जलकर खाक हो गई। पीछे से आ रही अन्य बाराती गाड़ियों में दूल्हा और दुल्हन को आगे रवाना किया गया।

लालपुर में कार में लगी आग, दमकल ने पाया काबू

आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना लालपुर थाना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल वाहन को बुलाकर आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। कार मालिक सुमन सिन्हा (पति जितेंद्र सिन्हा, निवासी बीजाभाट, जिला बेमेतरा) ने लालपुर थाना में मामले की सूचना दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।