जांजगीर-चांपा जिले के दुरपा गांव में दो मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर में दोनों चालकों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में दो बच्चे भी घायल हुए हैं। यह घटना शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में हुई।
जानकारी के अनुसार, हरेठी निवासी मनोज केवट (35) एक बच्चे के साथ अपने रिश्तेदार के यहां जा रहे थे। वहीं, नकटीडीह निवासी पीयूष टार्जन (20) अपने 14 वर्षीय साथी के साथ पास के गांव करन्नौद घूमने जाने के लिए निकले थे। दोनों की तेज रफ्तार बाइक आमने-सामने टकरा गईं।
मौके पर ही 2 लोगों ने दम तोड़ा
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक चालक मनोज और पीयूष ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बाइक पर पीछे बैठे दोनों बच्चों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही शिवरीनारायण पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए हॉस्पिटल भिजवाया, जहां प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। शिवरीनारायण पुलिस इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।