मनेंद्रगढ़ पुलिस ने मंदिर से चोरी हुए चांदी के मुकुट को बरामद कर लिया

Chhattisgarh Crimesमनेंद्रगढ़ पुलिस ने मंदिर से चोरी हुए चांदी के मुकुट को बरामद कर लिया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह घटना मनेंद्रगढ़ के वार्ड क्रमांक 18 चनवारीडांड स्थित हनुमान मंदिर में हुई थी।

मंदिर की देखरेख करने वाले संदीप कुमार मिश्रा ने 28 मार्च को चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि दोपहर 2 बजे पूजा के बाद मंदिर बंद कर वे घर चले गए थे। शाम 5 बजे लौटने पर उन्होंने देखा कि भगवान की मूर्ति से चांदी का मुकुट गायब था।

चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया और मुखबिरों की सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।

चांदी का मुकुट बरामद

जांच के दौरान, पुलिस ने नौसाद अली (30), निवासी मलाई भट्ठा, मनेंद्रगढ़, और साहिल गुप्ता (28), निवासी एफसीआई गोदाम के पीछे, मनेंद्रगढ़ को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उनके पास से चोरी किया गया चांदी का मुकुट बरामद कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(3) और 305(डी) के तहत मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।