महासमुंद जिला कांग्रेस कमेटी ने अनुशासनहीनता के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पार्टी पदाधिकारी विजय साव को मारपीट और तोड़फोड़ के आरोप में 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है। यह निर्णय जिला अध्यक्ष और खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव के निर्देश पर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, 2 अप्रैल 2026 को जिला कांग्रेस कार्यालय परिसर में विजय साव की तरफ से मारपीट, तोड़फोड़ और गंभीर अनुशासनहीनता की घटना सामने आई थी। इस घटना को पार्टी की विचारधारा और संगठनात्मक मर्यादाओं के खिलाफ माना गया, जिससे संगठन की छवि को भी नुकसान पहुंचा।
नोटिस का नहीं दिया कोई जवाब
इस मामले में संबंधित पदाधिकारी को स्पष्टीकरण देने का अवसर दिया गया था, लेकिन उन्होंने तय समय सीमा में कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया। इसके बाद प्राप्त शिकायतों और तथ्यों पर विचार करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी ने यह कड़ा फैसला लिया।
आदेश जारी होने के बाद विजय साव अब पार्टी के किसी भी पद, मंच या गतिविधि से जुड़े नहीं रहेंगे। जिला कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया है कि संगठन में अनुशासन सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बता दें कि पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर की अनुशंसा पर विजय साव को लगभग 8-10 दिन पहले ही जिला कांग्रेस कमेटी में उपाध्यक्ष बनाया गया था।