एमसीबी जिले के जनकपुर क्षेत्र के च्यूल गांव में एक नवजात बालिका को जन्म के तुरंत बाद एक सुनसान मकान में छोड़ दिया गया

Chhattisgarh Crimesएमसीबी जिले के जनकपुर क्षेत्र के च्यूल गांव में एक नवजात बालिका को जन्म के तुरंत बाद एक सुनसान मकान में छोड़ दिया गया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीणों ने उसे बचाया।

रात के समय गांव के एक सुनसान मकान से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। ग्रामीणों ने मौके पर जाकर देखा तो एक नवजात बच्ची अकेली पड़ी थी। उन्होंने तुरंत बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला।

ग्रामीणों ने तत्काल स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। उप स्वास्थ्य केंद्र की टीम और आरएचओ-एनएम मौके पर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जनकपुर में भर्ती कराया गया।

डॉक्टरों की निगरानी में बच्ची का इलाज शुरू किया गया। बेहतर उपचार के लिए उसे सिविल अस्पताल मनेन्द्रगढ़ रेफर किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बच्ची की हालत स्थिर है और उसकी लगातार देखरेख की जा रही है।

सुनसान घर में बच्ची को जन्म दे कर वहीं छोड़ गई माँ

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किसी अज्ञात महिला ने सुनसान घर में बच्चे को जन्म दिया और फिर उसे वहीं छोड़कर चली गई। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है और उन्होंने प्रशासन से आरोपी महिला की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।