कोरबा में रविवार सुबह एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई

Chhattisgarh Crimesकोरबा में रविवार सुबह एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बांकी थाना क्षेत्र के बलगी सुराकछार मुख्य मार्ग पर एक हाइवा ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। मृतक की पहचान रामेश्वर सिंह कंवर (36) के रूप में हुई है, जो बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र के सलियाभांठा गांव का निवासी था। रामेश्वर अपनी बाइक से बलगी किसी काम से जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि ओवरटेक और तेज रफ्तार के कारण हाइवा ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे और वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई व मुआवजे की मांग करने लगे। 2 घंटे के बाद चक्काजाम खत्म

 

सूचना मिलने पर बांकी मोंगरा थाना प्रभारी चमन लाल सिन्हा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया और शासन से मिलने वाली तत्काल सहायता राशि प्रदान की। आगे की कार्रवाई के आश्वासन के बाद करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद चक्काजाम खत्म हुआ।

 

रामेश्वर सिंह कंवर एक निजी कंपनी में काम करता था और अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। उसके परिवार में पत्नी, बच्चे, भाई और माता-पिता शामिल हैं। पुलिस ने हाइवा को जब्त कर चालक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।