छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रामानुजगंज इलाके में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में प्रधान पाठक की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में 3 लोग घायल हुए हैं। यह हादसा आज दोपहर लगभग 3:30 बजे ग्राम चिनिया में मोड़ के पास हुआ।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान सलवाही नवापारा में पदस्थ प्रधान पाठक दयाशंकर सिंह मरकाम के रूप में हुई है। वह अपने साथी अनिल मरकाम के साथ बैंक के काम से रामानुजगंज आ रहे थे। इसी दौरान रॉन्ग साइड से संतोषी नगर पिपराही निवासी दो युवक बाइक पर आ रहे थे। मोड़ पर दोनों बाइकों की जोरदार भिड़ंत हो गई।
घायलों का चल रहा इलाज
हादसे में दयाशंकर सिंह मरकाम की मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथी अनिल मरकाम भी घायल हो गए। दूसरी बाइक पर सवार विक्रम (18) और सूरज मंडल (18), जो संतोषी नगर पिपराही के निवासी हैं, भी चोटिल हुए।
घटना के बाद सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से 100 बिस्तर अस्पताल रामानुजगंज पहुंचाया गया। वहां डॉक्टर सकेंद्र गुप्ता उनका इलाज कर रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।