पेंड्रा और मरवाही थाना क्षेत्रों में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए

Chhattisgarh Crimesपेंड्रा और मरवाही थाना क्षेत्रों में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। इन दोनों मामलों में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।

पहले मामले में, चंगेरी गांव की एक महिला ने पेंड्रा थाने में सेखवा गांव निवासी रविंद केवट के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि रविंद ने शादी का वादा कर लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण किया।

पेंड्रा पुलिस ने इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी रविंद केवट को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

MP का रहने वाला आरोपी

वहीं दूसरा मामला मरवाही थाने में दर्ज किया गया है। इसमें महिला ने मध्य प्रदेश के जैतहरी निवासी मृगेंद्र केवट के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता का कहना है कि मृगेंद्र ने भी शादी का प्रलोभन देकर उसका शारीरिक शोषण किया और बाद में अपने वादे से मुकर गया।

मरवाही पुलिस ने आरोपी मृगेंद्र केवट के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, आरोपी फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। दोनों ही मामलों में पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।