राजनांदगांव पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘जीरो टॉलरेंस’ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। बसंतपुर और सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने सट्टा खिलाने और अवैध शराब बेचने के आरोप में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू ने टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर फव्वारा चौक पर दबिश दी। यहां आरोपी देवेंद्र देवांगन (37 वर्ष, निवासी चिखली) को मोबाइल के माध्यम से सट्टा लिखते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।
उसके पास से सैमसंग गैलेक्सी S-22 मोबाइल और 1,440 रुपए नगद जब्त किए गए। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। अवैध शराब बेचते आरोपी गिरफ्तार
इसी थाना क्षेत्र में जिला अस्पताल चौक के पास से आरोपी कुंदन साहू (42, निवासी संबलपुर) को अवैध रूप से शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 20 पौवा देशी प्लेन शराब जब्त की है, जिसकी कीमत लगभग 1,600 रुपए है। कुंदन साहू के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। सट्टा खिलाते आरोपी गिरफ्तार
नगर पुलिस अधीक्षक एलेक्ज़ेडर कीरो के पर्यवेक्षण में सिटी कोतवाली पुलिस ने भी कार्रवाई की। पुराना बस स्टैंड चौक के पास घेराबंदी कर अरविंद रंगारी (36, निवासी कैलाश नगर) को सट्टा खिलाते हुए पकड़ा गया। उसके पास से सट्टा पट्टी, पेन, 560 रुपए नगद और एक रियलमी मोबाइल बरामद हुआ।
कार्रवाई जारी रखने की चेतावनी
मोबाइल की जांच में व्हाट्सएप के जरिए सट्टा पट्टी के लेनदेन के पुख्ता सबूत मिले हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब, जुआ और सट्टा जैसी असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।