जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर एक युवती से अनाचार का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesजांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर एक युवती से अनाचार का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी अनिकेत तांडे (20), निवासी सोनादुला,ने साल 2022 में इंस्टाग्राम के जरिए पीड़िता से संपर्क किया था। बातचीत के दौरान उसने खुद को एचडीएफसी बैंक का कर्मचारी बताया और युवती के परिजनों के सामने शादी का प्रस्ताव भी रखा।

फरार आरोपी लगातार लोकेशन बदल रहा था

इसी विश्वास का फायदा उठाकर आरोपी ने युवती को शादी का झांसा दिया और उसके साथ अनाचार किया। समय बीतने के बाद जब आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया और पीड़िता से दूरी बनाने लगा। इसके बाद पीड़िता ने थाना मुलमुला में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अपराध क्रमांक 116/2026 के तहत धारा 64(2)(एम) और 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान, पुलिस ने तकनीकी सबूतों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। घटना के बाद से आरोपी फरार था और लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। पुलिस को सूचना मिली कि वह रायपुर के हीरापुर क्षेत्र में छिपा हुआ है। मुलमुला पुलिस की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस की अपील

पुलिस ने इस घटना के मद्देनजर सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों के प्रति लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से युवाओं को अंजान व्यक्तियों से संपर्क करते समय सावधानी बरतने और किसी भी प्रकार के झांसे में न आने की सलाह दी गई है।