सरगुजा जिले के मैनपाट के रोपाखार इलाके में एक विधवा आदिवासी महिला के घर पर प्रशासन की ओर से की गई बुलडोजर कार्रवाई से ग्रामीण नाराज हो गए

Chhattisgarh Crimesसरगुजा जिले के मैनपाट के रोपाखार इलाके में एक विधवा आदिवासी महिला के घर पर प्रशासन की ओर से की गई बुलडोजर कार्रवाई से ग्रामीण नाराज हो गए। इसी के विरोध में शनिवार सुबह लोगों ने नेशनल हाईवे पर चक्का जाम कर दिया और करीब 4 घंटे तक प्रदर्शन किया।

अधिकारियों ने समझाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण नहीं माने। इसके बाद सीतापुर एसडीएम के निर्देश पर पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा। इस दौरान विधायक समर्थक बीडीसी और पीड़ित महिला को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

शुक्रवार को रोपाखार में शासकीय जमीन पर काबिज महिला रामबाई (पति स्व. बीरबल) गोंड़ के मकान पर बुलडोजर कार्रवाई करते हुए पूरे मकान को तोड़ दिया गया। यह मकान खसरा नंबर 853 के 0.002 हेक्टेयर में बना हुआ था, जहां रामबाई के परिवार का कई सालों से कब्जा था। रामबाई का वन अधिकार पत्र भी बना था, लेकिन इसमें गलती से खसरा नंबर 754 दर्ज हो गया था।

प्रशासनिक कार्रवाई के विरोध में भाजपा मंडल महामंत्री गौतम पैकरा ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। पीड़िता रामबाई भाजपा नेता की बहन हैं।गौतम पैकरा ने आरोप लगाया है कि अंबिकापुर के प्रभावशाली व्यवसायी अजय अग्रवाल के बेटे की शिकायत के बाद उनके प्रभाव में पूरी कार्रवाई की गई है। उनकी जमीन शासकीय जमीन के पीछे है। सैकड़ों अतिक्रमणकारियों का मकान नहीं तोड़ा जा रहा है और यह कार्रवाई पक्षपातपूर्ण है।

विरोध में चक्काजाम, विधायक समर्थक सड़क पर उतरे

प्रशासनिक कार्रवाई के विरोध में राम सेना के कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे 43 में काराबेल हाई स्कूल के सामने सुबह 9.30 बजे चक्काजाम कर दिया। राम सेना सीतापुर के भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो के समर्थकों का संगठन है। चक्काजाम में पीड़ित महिला रामबाई भी पहुंची। चक्काजाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गई।

मौके पर पहुंचे सीतापुर SDM राम सिंह ठाकुर ने लोगों को समझाइश दी कि अतिक्रमण हटाने की पूरी प्रक्रिया तहसील न्यायालय मैनपाट में प्रकरण चलने के बाद की गई है। ग्रामीणों ने दस्तावेज दिखाकर बताया कि महिला ने वन अधिकार पट्टा त्रुटिसुधार के लिए आवेदन किया था। उसे बिना नोटिस दिए मकान तोड़ दिया गया है।

प्रशासन ने पुलिस से हटवाया जाम, पीड़िता भी हिरासत में

करीब चार घंटे बाद तक जब लोग चक्काजाम हटाने तैयार नहीं हुए तो SDM राम सिंह ठाकुर के निर्देश पर पुलिस ने बल प्रयोग कर लोगों को हटाया। पुलिस ने विधायक समर्थक बीडीसी सूर्या पैकरा और महिला रामबाई को हिरासत में लिया है। पुलिस द्वारा दोनों सहित अन्य लोगों के खिलाफ नेशनल हाईवे को बिना अनुमति अवरूद्ध करने का FIR दर्ज किया जा रहा है।

कार्रवाई को लेकर विधायक समर्थकों में आक्रोश

बताया गया है विधायक ने भी तहसीलदार को तत्काल कार्रवाई न करने के लिए मौखिक रूप से कहा गया था, लेकिन उन्होंने नहीं सुनी। रामकुमार टोप्पो समर्थकों में इसे लेकर भी नाराजगी है कि प्रशासनिक अमले में विधायक की सुनवाई नहीं हो रही है। भाजपा मंडल महामंत्री के इस्तीफे के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया भी बीती रात उनसे मिलने मैनपाट पहुंचे थे।