छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में बेटे की मौत के सदमे से उबर नहीं पाए एक पिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान गांव के 40 वर्षीय नामदेव साहू के रूप में हुई है। यह मामला बालोद थाना के ग्राम खल्लारी इलाके का है।
जानकारी के अनुसार, नामदेव साहू के 17 वर्षीय बेटे वेदप्रकाश की महज तीन महीने पहले मोबाइल देखते समय अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। बेटे की असमय मौत के बाद से ही नामदेव गहरे सदमे में थे। परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक, इस घटना के बाद से उनका मानसिक संतुलन भी ठीक नहीं था।
शनिवार सुबह करीब 9 बजे पथर्री तालाब के पास एक पीपल पेड़ में नामदेव का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। गांव के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को नीचे उतारकर जिला अस्पताल की मर्च्युरी भिजवाया।
बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि परिजनों के अनुसार मृतक पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्थिर थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद दोपहर में गृह ग्राम खल्लारी में अंतिम संस्कार किया गया। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।