सरगुजा जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने कृषि विकास अधिकारी (बीज निरीक्षक) को एक लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कृषि विस्तार अधिकारी ने बीज भंडारण के मामले में कंपनी के एरिया सेल्स मैनेजर को कार्रवाई करने का भय दिखाकर तीन लाख रुपये रिश्वत मांगी थी। शिकायत पर रविवार शाम एसीबी की टीम ने यह कार्रवाई की।
जानकारी के मुताबिक, हैदराबाद की ‘साईं भव्या सीड्स’ कंपनी में एरिया सेल्स मैनेजर अजीत कुमार कश्यप ने ACB सरगुजा से शिकायत की थी कि उनकी कंपनी धान और मक्का के बीज की सप्लाई करती है। अगस्त माह की बिक्री के बाद बचे हुए बीजों को दरिमा रोड स्थित ‘माँ महामाया कोल्ड स्टोरेज’ में सुरक्षित रखा गया था।
इसी दौरान अंबिकापुर के कृषि विकास अधिकारी (बीज निरीक्षक) सोहन लाल भगत को इस भंडारण की जानकारी मिली। सोहन लाल भगत की टीम ने कोल्ड स्टोर में जांच की। कृषि विस्तार अधिकारी ने अवैध बीज भंडारण के मामले में फंसाने और एक पक्षीय कार्रवाई करने की धमकी दी। इस कार्रवाई को रोकने के बदले में उन्होंने 3 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत पर ACB ने दबोचा अजीत कुमार कश्यप की शिकायत के बाद सरगुजा ACB ने रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर रविवार 12 अप्रैल को कार्रवाई के लिए टीम तैयार की। जैसे ही आरोपी सोहन लाल भगत ने रिश्वत की पहली किस्त के रूप में एक लाख रुपये लिया, एसीबी की टीम ने उसे धर दबोचा।
ACB ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (पीसी एक्ट1988) की धारा 7 और 12 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।