छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में टेंट कारोबारी सुरेश चौहान की हत्या कर दी गई है। उनकी लाश हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पीछे अर्धनग्न हालत में खेत में दफन मिली है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस लूट, अफेयर और जुआ-सट्टा एंगल से भी जांच कर रही है। कारोबारी सुरेश चौहान शनिवार (11 अप्रैल) से लापता थे। जिसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी। उसके बाद से पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी और शहर के करीब 150 सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। मामला कोंडागांव थाना इलाके का है। जानिए क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, सुरेश चौहान (53) पिता रामसूरत सिंह चौहान, शिरोमणि डेकोरेट टेंट के संचालक थे। वो शादीशुदा है, उनके दो बेटियां और एक बेटा है। सुरेश के लापता होने के बाद परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कर रही थी।
जांच के दौरान कोंडागांव के विकास नगर ग्राउंड में खून से सनी एक बाइक बरामद हुई। टैक्टिकल सबूत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। उससे पूछताछ के बाद पुलिस हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पीछे स्थित एक खेत तक पहुंची। जमीन में दफन मिली लाश
यहां करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जमीन में दफन सुरेश चौहान का शव बरामद किया गया। ऊपर से मिट्टी पाट दिया गया था। अधिकारियों ने बताया कि, जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। इसमें शामिल बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। मृतक के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।