छत्तीसगढ़ के जूना बिलासपुर के कतियापारा इलाके में रविवार को एक घर में गैस सिलेंडर के पाइप फटने से आग लग गई

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के जूना बिलासपुर के कतियापारा इलाके में रविवार को एक घर में गैस सिलेंडर के पाइप फटने से आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान किचन में काम कर रहीं 3 महिलाएं झुलस गई हैं। उनके हाथ और चेहरे जल गए हैं। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, अशोक निर्मलकर के घर किचन में खाना बनाते समय अचानक गैस रिसाव शुरू हुआ। देखते ही देखते आग फैल गई। घटना के समय रसोई में मौजूद पूजा निर्मलकर, सरोजिनी निर्मलकर और ममता निर्मलकर आग की चपेट में आकर झुलस गईं। वहीं, आग बुझाने के दौरान अशोक निर्मलकर भी झुलस गए, उनके चेहरे पर चोट आई है।

स्थानीय लोगों ने बुझाई आग

आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल मदद करते हुए आग पर काबू पाया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित किया और सिलेंडर को सुरक्षित बाहर निकाला।

गैस पाइप जलने से हुआ हादसा, कोई जनहानि नहीं

शुरुआती जांच में सामने आया कि सिलेंडर का पाइप फटने और जलने से गैस लीक हुई, जिससे आग भड़की। हादसे में चार लोग झुलसे, लेकिन सभी को शुरुआती इलाज के बाद घर भेज दिया गया। किसी को भी अस्पताल में भर्ती नहीं कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।