जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 56 साल व्यक्ति की मौत हो गई

Chhattisgarh Crimesजांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 56 साल व्यक्ति की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान बिर्रा निवासी चौटी लाल पटेल (वार्ड क्रमांक 9) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार चौटी लाल पटेल हर दिन की तरह सुबह करीब 5 बजे टहलने के लिए घर से निकले थे, जब वे तलदेवरी-बिर्रा मुख्य मार्ग पर स्थित कोसा तालाब के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हुआ

टक्कर इतनी भीषण थी कि चौटी लाल पटेल का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। सुबह के समय सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना ग्रामीणों को मिली। इसके बाद तत्काल बिर्रा थाना पुलिस को सूचित किया गया।

पुलिस बोली- जल्द होगी आरोपी ड्राइवर की गिरफ्तारी

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी है।

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही वाहन और आरोपी चालक का पता लगाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।