छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में सोमवार को नेशलन हाईवे- 30 पर यात्री बस और ट्रक में सीधी टक्कर हो गई

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के कोंडागांव में सोमवार को नेशलन हाईवे- 30 पर यात्री बस और ट्रक में सीधी टक्कर हो गई। इस हादसे में 7 यात्री घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में एडमिट किया गया है। घटना केशकाल थाना क्षेत्र के ग्राम खालेमुरवेंड के पास की है।

जानकारी के मुताबिक महिंद्रा ट्रैवल्स की बस रायपुर से जगदलपुर जा रही थी। इस दौरान यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक ड्राइवर ने लापरवाही से ओवरटेक करने की कोशिश की, जिससे सामने से आ रही बस से उसकी टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराए। हादसे के बाद बस चालक लगभग 10 से 15 मिनट तक वाहन में फंसा रहा। स्थानीय लोगों और राहत दल की मदद से उसे बाहर निकाला गया।

सभी घायलों को तुरंत एंबुलेंस से कांकेर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई।

घायल कांकेर अस्पताल में भर्ती

केशकाल थाना प्रभारी विकास बघेल ने बताया कि खालेमुरवेंड के पास हुई बस और ट्रक की भिड़ंत में सात लोग घायल हुए हैं। उन्हें कांकेर अस्पताल में भर्ती कराया गया है और कोई जनहानि नहीं हुई है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण लापरवाही सामने आया है।

अब तक 1.30 लाख का चालान काटा गया

टीआई ने कहा कि नारायणपुर की ओर से आने वाले भारी वाहन, खासकर खनन कार्य से जुड़े ट्रक, अक्सर तेज रफ्तार और लापरवाही से चलते हैं। पुलिस ने ऐसे मामलों में पहले भी सख्त कार्रवाई की है। अलग-अलग मामलों में अब तक लगभग 1.30 लाख रुपए का चालान काटा गया है।

लापरवाह ड्राइवरों जारी रहेगी कार्रवाई

12 वाहनों को न्यायालय में पेश कर करीब 90 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। परिवहन विभाग से नए और अनुभवहीन चालकों पर कड़ी निगरानी रखने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने की भी मांग की है।