धमतरी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 लाख रुपये से अधिक मूल्य का हेरोइन (चिट्टा) जब्त किया

Chhattisgarh Crimesधमतरी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 लाख रुपये से अधिक मूल्य का हेरोइन (चिट्टा) जब्त किया है। इस मामले में एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। ये आरोपी पंजाब से हेरोइन लाकर छत्तीसगढ़ के चार जिलों में सप्लाई करते थे।

यह कार्रवाई अर्जुनी थाना क्षेत्र के श्याम तराई फॉरेस्ट नाका के पास की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां कार में हेरोइन की खरीद-बिक्री चल रही है। टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा।

मौके पर तलाशी के दौरान पुलिस ने लगभग 56 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), नकदी, एक मारुति स्विफ्ट वाहन और मोबाइल फोन जब्त किए। जब्त की गई कुल सामग्री का मूल्य 16 लाख 24 हजार 240 रुपये आंका गया है।

आरोपी पिछले 8 महीनों से पुलिस के रडार पर था

गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य सरगना मोहम्मद इस्लामुद्दीन कुरैशी पिछले 8 महीनों से पुलिस के रडार पर था। वह रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद और धमतरी सहित विभिन्न जिलों में सक्रिय था। पूर्व के एनडीपीएस मामलों में भी उसका नाम सामने आ चुका था।

पंजाब से ट्रेन से हेरोइन लाकर छत्तीसगढ़ में करता था सप्लाई

इस्लामुद्दीन पुलिस को चकमा देने के लिए बार-बार अपने मोबाइल नंबर बदलता था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह डेढ़-दो वर्षों से पंजाब से ट्रेन के माध्यम से हेरोइन लाकर छत्तीसगढ़ में सप्लाई कर रहा था। एक दिन पहले सिटी कोतवाली में हुई हेरोइन कार्रवाई में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के दौरान इस्लामुद्दीन के नेटवर्क का खुलासा हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद इस्लामुद्दीन कुरैशी (34), उसकी पत्नी अनिता नेताम (37) और निजामुद्दीन कुरैशी (28) शामिल हैं। तीनों आरोपी बालोद के निवासी हैं। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।