बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की चौकी बरियों पुलिस ने मवेशी तस्करी के एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesबलरामपुर-रामानुजगंज जिले की चौकी बरियों पुलिस ने मवेशी तस्करी के एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी आबिद अंसारी को सीतापुर रोड अंबिकापुर से हिरासत में लिया गया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

यह कार्रवाई अपराध क्रमांक 111/2026 से संबंधित है। पूर्व में बरियों चौकी क्षेत्र के आरा सरना पारा गांव के पास से एक पिकअप वाहन से मवेशी तस्करी की सूचना मिली थी। पुलिस को देखकर तस्कर पिकअप वाहन छोड़कर फरार हो गए थे, क्योंकि वाहन खेत में फंस गया था।

आरोपियों पर इन धाराओं में हुई कार्रवाई

इस मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)घ के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने पूर्व में वाहन मालिक और ड्राइवर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

फरार आरोपी आबिद अंसारी (32), जो सोनपूर्वा, थाना रंका, जिला गढ़वा, झारखंड का निवासी है, मवेशियों की खरीद-बिक्री में शामिल था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे सीतापुर रोड अंबिकापुर से पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।