कोरिया जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पहली घटना में बैकुंठपुर से बारात में शामिल होकर देर रात चिरमिरी लौट रहे युवकों की स्कॉर्पियो चेर क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में दो सवारों की मौत हो गई।
वहीं दूसरी घटना नेशनल हाईवे-43 पर जनगहना बाजार के पास हुई, जहां तेज रफ्तार दो अर्टिगा कारें आमने-सामने टकरा गईं। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच घायल हो गए।
दरअसल रविवार रात चिरमिरी से 6 युवक स्कॉर्पियो में सवार होकर बारात में शामिल होने बैकुंठपुर के जूनापारा पहुंचे थे। देर रात सभी युवक वापस चिरमिरी लौट रहे थे। इसी दौरान बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चेर के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
हादसे में स्कॉर्पियो सवार आर्यन सोनवानी (22) और कुलदीप सिंह (23 ) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बैकुंठपुर जिला अस्पताल भेजा। इनमें से दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें अंबिकापुर रेफर किया गया है।
नेशनल हाईवे पर भिड़ी दो वाहनें, एक की मौत
सोमवार दोपहर करीब 12 बजे नेशनल हाईवे-43 पर जगगहना बाजार के पास तेज रफ्तार दो अर्टिगा कारों में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इनमें से एक अर्टिगा कार बतरा की थी, जिसमें सवार लोग बारात में शामिल होकर उमझर से वापस लौट रहे थे।
दूसरी कार सूरजपुर की बताई जा रही है, जिस पर सीएमएचओ गौरेला-पेंड्रा का बोर्ड भी लगा हुआ था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गाड़ियों के सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में एक कार के चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और नेशनल हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
सभी घायलों को तत्काल पटना अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया जा रहा है। पटना थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर नेशनल हाईवे पर आवागमन सुचारू कर दिया गया है।
पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।