बिलासपुर में पेट्रोल पंप संचालक से उलझना एक आरक्षक को महंगा पड़ गया

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर में पेट्रोल पंप संचालक से उलझना एक आरक्षक को महंगा पड़ गया। पड़ोसी के मकान निर्माण का काम रुकवाने और धमकी देने के आरोप में उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। घटना सकरी थाना क्षेत्र की है।

उसलापुर स्थित सागरदीप कॉलोनी फेस-3 निवासी धीरेन्द्र यादव पेट्रोल पंप संचालक है। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि 17 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे उनके नए मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। इस दौरान पास में रहने वाला आरक्षक आशीष मिश्रा मौके पर पहुंचा। उसने ठेकेदार और मजदूरों के साथ गाली-गलौज करते हुए काम करने से रोकने कहा।

जान से मारने और जेल भेजने दी धमकी

इस दौरान ठेकेदार के विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। साथ ही उन्हें जेल भेजने की धमकी देने लगा। आरोप है कि आरक्षक शराब के नशे में था। ठेकेदार ने इस घटना की जानकारी धीरेंद्र यादव को दी, जिसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत सकरी थाने में कर दी।

पहले भी कर चुका है विवाद

धीरेंद्र यादव ने पुलिस को बताया कि आरक्षक पहले भी इसी तरह शराब के नशे की हालत में विवाद कर चुका है। वह आए दिन विवाद करता है। उसकी हरकतों से निर्माण स्थल पर मौजूद मजदूरों में डर का माहौल बन गया, जिसके चलते कई दिनों तक काम भी प्रभावित हुआ। धीरेंद्र की शिकायत पर पुलिसने आरक्षक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।