छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में पैठू तालाब की खुदाई पर सवाल उठाने और दस्तावेज मांगने पर छात्र की ठेकेदार के लोगों ने हाथ-मुक्के और चप्पलों से पिटाई कर दी

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में पैठू तालाब की खुदाई पर सवाल उठाने और दस्तावेज मांगने पर छात्र की ठेकेदार के लोगों ने हाथ-मुक्के और चप्पलों से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है। कांग्रेस ने इसे सोशल मीडिया पर शेयर किया है।

छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने लिखा है कि, भाजपा सरकार नहीं माफियाराज। गृहमंत्री विजय शर्मा के गृह जिले कवर्धा में एक छात्र को अवैध उत्खनन का विरोध करना महंगा पड़ गया। ठेकेदार के गुर्गों ने छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी और छात्र चीखता रहा। मामला कुंडा थाना क्षेत्र के बघर्रा गांव का है।

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित छात्र हरि प्रसाद चंद्राकर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि, 19 अप्रैल को वो जनपद सदस्य गजपती साहू और ग्रामीणों के साथ तालाब स्थल पर पहुंचा था। वहां ठेकेदार विनोद अग्रवाल से खुदाई से जुड़े दस्तावेज दिखाने को कहा गया, इसी दौरान विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि रोहित चंद्राकर, संजय चंद्राकर, भागबली चंद्राकर और भागवत चंद्राकर ने गाली-गलौज करते हुए उस पर हमला कर दिया। थप्पड़, चप्पल और पत्थरों से मारा गया। जिसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। फिलहाल, छात्र के बारे में डिटेल जानकारी नहीं मिल पाई है।

4 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है। वहीं, आरोपी पक्ष के रोहित चंद्राकर ने भी थाने में शिकायत दी है। उसका कहना है कि, हरि प्रसाद चंद्राकर और गजपती साहू ने मौके पर पहुंचकर गाली-गलौज की और काम बंद नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी।

अनुमति से हो रहा था उत्खनन- ठेकेदार

आरोपी पक्ष का दावा है कि, तालाब खुदाई का काम पंचायत प्रस्ताव और प्रशासनिक अनुमति के तहत किया जा रहा था, बावजूद इसके विवाद खड़ा किया गया।